निजी स्कूलों के शिक्षक-स्टाफ का होगा पुलिस वेरीफिकेशन
Wed, 04 Oct 2017
भोपाल। सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य परीक्षा बोर्ड से संबद्ध प्रदेश के 40 हजार से ज्यादा निजी स्कूलों के शिक्षक और स्टाफ का पुलिस वेरीफिकेशन कराया जा रहा है। गुरुग्राम के रेयान पब्लिक स्कूल की घटना के बाद राज्य शासन ने यह कदम उठाया है।
इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। निजी स्कूलों को पुलिस सत्यापन का प्रोफार्मा भेजा है। इसे भरकर एवं पुलिस से सत्यापित कराकर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में जमा कराना है। शिक्षकों से यह भी पूछा जा रहा है कि कभी उनके खिलाफ 'पास्को एक्ट" के तहत कार्रवाई हुई है।
प्रदेश के निजी स्कूलों में चार लाख से ज्यादा शिक्षक और सवा लाख से ज्यादा अन्य कर्मचारी हैं। इन्हें इसी माह पुलिस वेरीफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों को निर्देश और प्रोफार्मा भेजकर माह के अंत तक जानकारी मांगी है। ये रिकॉर्ड डीईओ कार्यालय में रखा जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने 'मप्र माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शालाओं के मान्यता नियम 2017" के नियम 18 को आधार बनाया है। इस नियम में मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों को शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक स्टाफ से पास्को एक्ट के तहत शपथ-पत्र लेना अनिवार्य किया है।
इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग के मैदानी अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि इन स्कूलों का भी नियमित निरीक्षण करें और अपने प्रतिवेदन में निर्देशों के पालन की स्थिति लिखें। उल्लेखनीय है कि पिछले माह हरियाणा के गुरुग्राम स्थित रेयान पब्लिक स्कूल में एक कंडक्टर ने छात्र की हत्या कर दी थी।
इनका होगा वेरिफिकेशन
निजी स्कूलों के शिक्षक, लिपिकीय स्टाफ, माली, चौकीदार, ऑउटसोर्स पर काम करने वाले कर्मचारी, बस-वैन के ड्राइवर, कंडक्टर सभी को पुलिस सत्यापन के दायरे में रखा गया है।
प्रोफार्मा में ये बताना होगा
शिक्षकों से जो प्रोफार्मा भरवाया जा रहा है। उसमें उन्हें पहचान चि-, आधार नंबर, वर्तमान और स्थाई पता, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर, मोबाइल नंबर बताना होगा। इसके साथ यह भी बताना होगा कि उनके खिलाफ स्कूल स्तर से कोई कार्रवाई हुई है या नहीं। उन्हें ये भी बताना होगा कि पास्को एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012) के तहत कार्रवाई हुई है या नहीं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें